रायपुर , मई 03 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष पहल की है। कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की योग्यता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को 10 मई को रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले आईपीएल मुकाबले के लिए निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।

इस दिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला जाएगा।

स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशानुसार, चयनित विद्यार्थियों को एक शिक्षक के साथ 10 मई की सुबह 10 बजे तक एससीईआरटी रायपुर पहुंचाना अनिवार्य होगा, जहां से उन्हें सामूहिक रूप से स्टेडियम ले जाया जाएगा।

इस बीच, 10 मई के मैच के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा गया। सबसे कम कीमत वाली 2500 रुपये की टिकटें कुछ ही मिनटों में पूरी तरह बिक गईं। वर्तमान में 3300 से 8000 रुपये तक की श्रेणी की टिकटें उपलब्ध हैं। सभी टिकटों की बिक्री केवल ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है।

रायपुर में 13 मई को एक और रोमांचक मुकाबला आयोजित होगा, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। इस मैच के लिए टिकटों की बिक्री चार मई से प्रारंभ होगी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आठ मई को रायपुर पहुंचेगी और लगभग छह दिनों तक शहर में प्रवास करेगी। इस दौरान टीम अभ्यास सत्र भी करेगी। मुंबई इंडियंस के भी इसी अवधि में रायपुर पहुंचने की संभावना है।

आयोजकों ने इस बार दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल एम-टिकट प्रणाली लागू की है। स्टेडियम में प्रवेश के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था रहेगी, जो मैच के दिन निर्धारित समय से पूर्व सक्रिय होगा। यह कदम फर्जी प्रवेश और ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

टिकट ट्रांसफर को लेकर भी सख्त नियम बनाए गए हैं। प्रत्येक टिकट केवल एक बार ही दूसरे व्यक्ति को स्थानांतरित किया जा सकेगा, जिसके लिए प्राप्तकर्ता का मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा।

स्टेडियम के द्वार मैच के दिन दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे। दर्शकों को अपने टिकट में उल्लेखित गेट से ही प्रवेश करना होगा तथा पुनः प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। दो वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के लिए अलग टिकट आवश्यक है। एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार टिकट बुक किए जा सकते हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने दर्शकों से अपील की है कि वे न्यूनतम आवश्यक वस्तुओं के साथ आएं और सुरक्षा जांच प्रक्रिया में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित