रायपुर , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी, रागी और मक्का जैसी फसलों के उत्पादन एवं उपार्जन को बढ़ावा देने के साथ ही इनके उपयोग को विस्तार देने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में फसल विविधीकरण, किसानों को प्रोत्साहन और मिलेट फसलों के उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में मिलेट फसलों की आवश्यकता, उत्पादन और उपार्जन की व्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही किसानों को इन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने तथा कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

इस दौरान स्कूलों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण आहार कार्यक्रमों में मिलेट उत्पादों के उपयोग की संभावनाओं पर विशेष रूप से विचार किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित किए जाने वाले पोषण आहार में भी इन फसलों को शामिल करने के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित