रायपुर , अक्टूबर 06 -- छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का क्रम जारी रहने के बीच बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

प्रदेश में सोमवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहा और अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज नहीं की गई। बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ ही कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

मौसम विभाग से आज प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सोमवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस , पेंड्रा रोड में 33.8 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 33.6 डिग्री सेल्सियस और दुर्ग में 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं रात के तापमान में अपेक्षाकृत गिरावट देखी गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस और दुर्ग में 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस अवधि में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित