रायपुर , अप्रैल 17 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच मौसम विज्ञान विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना है, जिससे लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में आज बताया कि सीएमएचओ की बैठक में मौसमी बीमारियों और तापमान में हो रहे बदलाव को देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही खराब पंखे, कूलर और एसी को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लू और अन्य संभावित बीमारियों से निपटने के लिए आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने और पूरी तैयारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बढ़ती गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। तेज धूप और लू के कारण दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और लोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक राजनांदगांव में सर्वाधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा रायपुर में 43, माना में 42.5, बिलासपुर में 42.8, जगदलपुर में 40, पेंड्रा रोड में 39.9 और अंबिकापुर में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित