कोंडागांव , जुलाई 26 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश स्तरीय युवा सदस्यता अभियान 'जोइन बीजेवाईएम 2026' के तहत 27 जुलाई को एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया की उपस्थिति में होगा।

पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार श्री टिकरिया सोमवार को प्रातः 11 बजे माँकड़ी मंडल के मंडी परिसर तथा दोपहर दो बजे फरसगांव मंडल के सामुदायिक भवन में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है।

भाजयुमो के अनुसार अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ना, राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाना है। इसके साथ ही युवाओं को भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़कर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का भी लक्ष्य रखा गया है।

भाजयुमो जिला कोंडागांव ने जिले के युवाओं, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित