रायपुर , मई 31 -- छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को प्रतिष्ठित 'हिंदू केसरी सेवा, सुरक्षा एवं समरसता पुरस्कार' से रविवार को सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान देश में सनातन सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए दिया गया।

यह सम्मान स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर जयंती के अवसर पर नयी दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित समारोह में माय होम इंडिया संगठन की ओर से प्रदान किया गया।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, प्रखर राष्ट्रवादी संत स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री जयकुमार रावल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता सत्यनारायण जटिया तथा माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

कार्यक्रम में बताया गया कि दिवंगत कुमार दिलीप सिंह जूदेव द्वारा प्रारंभ किए गए 'घर वापसी अभियान' को प्रबल प्रताप सिंह जूदेव आगे बढ़ा रहे हैं। इस अभियान के तहत धर्मांतरित हिंदुओं की वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पुनर्वापसी कर उन्हें सनातन परंपरा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री जूदेव ने इसे अपने लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बताते हुए कहा कि वे अपने पिता के आदर्शों से प्रेरित होकर समाज, संस्कृति और राष्ट्रहित में कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा, सुरक्षा और सामाजिक समरसता के उद्देश्य से चलाया जा रहा अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि 'हिंदू केसरी' सम्मान पूर्व में सुदर्शन न्यूज़ के प्रधान संपादक सुरेश चव्हाणके को भी प्रदान किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित