रायपुर , सितंबर 22 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राज्य के पांचों संभागों में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण अभियान मंगलवार को रायपुर संभाग के तीन दिवसीय आवासीय शिविर के समापन के साथ पूरा हो गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजधानी में आज प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पूरे प्रदेश को पांच संभागों में बांटकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा, ''तीन-तीन दिन का हमने सभी संभागों का प्रशिक्षण किया। 307 ब्लॉक अध्यक्ष अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। आम जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियां बताएंगे। अब जमीनी स्तर पर कांग्रेस काम करेगी।''प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से हुई थी। इसके बाद दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंतिम चरण में रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों के लिए तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों, जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर ब्लॉक अध्यक्षों का मार्गदर्शन किया। संवाददाता सम्मेलन के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित