कोंडागांव , मई 12 -- छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को कोंडागांव में कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के सुशासन और विकास कार्यों का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। राज्य में बेरोजगारी दर में कमी आई है और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं का सपना अब साकार हो रहा है और राज्य तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मंत्री कश्यप ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद से लोगों के जीवन स्तर में लगातार सुधार हुआ है। सड़क, बिजली, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए गए हैं। भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के हित में निरंतर कार्य कर रही है, जिससे लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
कांग्रेस द्वारा मंत्रियों के काफिले कम करने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार हमेशा संसाधनों के संतुलित और जिम्मेदार उपयोग के पक्ष में रही है। जहां आवश्यकता होगी, वहीं संसाधनों का उपयोग किया जाएगा और इस विषय पर सरकार स्तर पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वैश्विक परिस्थितियों को लेकर देशवासियों से की गई अपील का समर्थन करते हुए मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री की बातों को गंभीरता से अपनी दिनचर्या में अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज हर क्षेत्र में मजबूत और आत्मनिर्भर बन रहा है। कांग्रेस द्वारा इस विषय पर की जा रही बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि देशहित के मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित