रायपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ में शहरी बुनियादी ढांचा और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मुख्य सचिव विकास शील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें करोड़ों रुपये की विभिन्न नवीन परियोजनाओं और विकास प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में नवा रायपुर अटल नगर और रायपुर शहर से संबंधित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया गया। इसके तहत महानदी भवन और इंद्रावती भवन स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के दूसरे एवं तीसरे तल पर आधुनिक कार्यालयों और शासकीय भवनों के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इस परियोजना की अनुमानित लागत 131.17 करोड़ रुपये बताई गई।
इसके अलावा नवा रायपुर के सेक्टर-24 में लगभग 171.50 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल संयुक्त शासकीय भवन निर्माण परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के उद्देश्य से नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) के अंतर्गत 223.04 करोड़ रुपये की लागत से 43 आधुनिक ई-बसों के संचालन की योजना को भी मंजूरी दी गई। प्रस्ताव के अनुसार इनमें 40 कंप्लायंट बैटरी ऑपरेटेड तथा नौ मोटर एसी ई-बसें शामिल होंगी। परियोजना में डिजाइन, सप्लाई, परिचालन और संधारण कार्य भी शामिल हैं। ये बसें नवा रायपुर आने-जाने वाले यात्रियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए विभिन्न मार्गों पर संचालित की जाएंगी।
बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत रायपुर शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 150 एमएलडी क्षमता के आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इस परियोजना की अनुमानित लागत 186.14 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, सूचना प्रौद्योगिकी एवं आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, मुख्यमंत्री के सचिव एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता तथा एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित