रायपुर , सितंबर 07 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर रहने से एक जून से छह सितंबर तक बारिश सामान्य से चार प्रतिशत कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने हालांकि अगले दो दिनों में प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई, जबकि अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहा। इसके कारण सामान्य से बारिश की कमी पिछले अपडेट के दो प्रतिशत से बढ़कर चार प्रतिशत हो गई है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया और उससे जुड़ी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ने और अगले दो दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। रविवार को बिलासपुर और राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रारोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश में एक जून से छह सितंबर तक 950.6 मिमी (37.42 इंच) बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 990.8 मिमी (39.01 इंच) होनी चाहिए थी।

जिलों में बलरामपुर में सामान्य से 70 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। यहां सीजन में अब तक प्रदेश में सर्वाधिक 1436.7 मिमी (56.56 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 846.1 मिमी (33.31 इंच) है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1105 मिमी (43.50 इंच), मुंगेली में 1054.1 मिमी (41.50 इंच), रायपुर में 1050.6 मिमी (41.36 इंच) और बालौदा बाजार में 967.2 मिमी (38.08 इंच) बारिश हुई है।

बेमेतरा में सबसे कम 539.9 मिमी (21.26 इंच) बारिश दर्ज की गई है। यहां सामान्य बारिश 910.5 मिमी (35.85 इंच) के मुकाबले 41 प्रतिशत कम है। सरगुजा में 632.3 मिमी (24.89 इंच), कबीरधाम में 595.6 मिमी (23.45 इंच), कांकेर में 729.1 मिमी (28.71 इंच) और जशपुर में 765.8 मिमी (30.15 इंच) बारिश दर्ज की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित