रायपुर , सितंबर 13 -- मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में रविवार को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है। अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बस्तर, रायपुर और दुर्ग संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई, जबकि बस्तर और दुर्ग संभाग में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।

लगातार बारिश से प्रदेश के नदी-नालों और जलाशयों में पानी की आवक बनी हुई है। धमतरी जिले के रविशंकर सागर (गंगरेल) बांध में शनिवार शाम सात बजे की स्थिति में छह गेट खोलकर महानदी में 33 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। बांध के कैचमेंट क्षेत्र से भी करीब इतनी ही मात्रा में पानी की आवक बनी हुई थी। इससे पहले 11 सितंबर की आधी रात को बांध के नौ गेट खोलकर रिकॉर्ड 53 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।

महानदी में बढ़े जलस्तर का असर निचले क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। राजिम स्थित त्रिवेणी संगम उफान पर है। वहीं कोपरा एनीकट के पास एक युवक के बहने की घटना सामने आई है।

प्रदेश में मानसून के प्रवेश को 82 दिन पूरे हो चुके हैं। मानसून 23 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंचा था। एक जून से 12 सितंबर तक प्रदेश में 1001 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो इस अवधि की औसत 1041.1 मिमी बारिश से चार प्रतिशत कम है।

लगातार वर्षा के कारण जलाशयों के जलस्तर में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। प्रदेश के 46 प्रमुख और मध्यम जलाशयों में औसत जलभराव 91.10 प्रतिशत पहुंच गया है। इनमें सात जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि 18 जलाशयों में 90 प्रतिशत से अधिक पानी है। धमतरी के रविशंकर सागर समेत कई जलाशयों से अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए गेट खोलने पड़े हैं।

राजधानी रायपुर में शनिवार को कुल 16.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह साढ़े आठ बजे तक 12 मिमी और शाम साढ़े पांच बजे तक 4.4 मिमी वर्षा हुई। यहां अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

रविवार को रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रायपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रारोड में दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित