रायपुर , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ ही मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान जताया है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं है।

मौसम विभाग से आज मिली ताज़ा जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गयी। इस अवधि में कोहकामेटा में सर्वाधिक चार सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गयी। बारिश का प्रभाव कम होने के बाद अब प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों के तापमान पर नजर डालें तो रायपुर और माना में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

रायपुर में आज, आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इससे पहले शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित