रायपुर , अक्टूबर 23 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा और बस्तर संभाग सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। रात के तापमान में गिरावट से मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं, जबकि मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी का असर बरकरार है।

मौसम विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 13.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इसके बाद रात के तापमान में एक से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का प्रभाव बढ़ने के आसार हैं।

प्रदेश के विभिन्न शहरों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अंतर बना हुआ है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। पेंड्रारोड में रात का तापमान 17 डिग्री रहा, जबकि रायपुर में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री दर्ज किया गया। दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर को निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह मौसम प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकती है और इसके और मजबूत होने के आसार हैं।

हालांकि, फिलहाल इस तंत्र का छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। प्रदेश में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित