रायपुर , अगस्त 13 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग से गुरुवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
इस बीच ओडिशा के सुंदरगढ़ में बीते मंगलवार को बिजली गिरने से छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की दो महिला मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चंपा तिर्की (28) और सुशीला तिर्की (26) के रूप में हुई है। दोनों जशपुर के तुमला थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं और घटना के समय धान की रोपाई कर रही थीं। हादसे में 20 से ज्यादा मजदूर घायल भी हुए हैं। घायलों को सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। प्रदेश में एक जून से अब तक मानसून की बारिश सामान्य से आठ प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश अथवा बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में रायपुर और दुर्ग में सर्वाधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश में एक जून से 12 अगस्त तक 665.3 मिमी (26.2 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 720.9 मिमी (28.4 इंच) होनी चाहिए थी। इस प्रकार राज्य में सामान्य के मुकाबले 55.6 मिमी (2.2 इंच) कम बारिश हुई है और बारिश की कमी आठ प्रतिशत है। मौसम विभाग के वर्गीकरण के अनुसार यह स्थिति सामान्य श्रेणी में आती है।
जिलावार आंकड़ों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे अधिक 945.6 मिमी (37.2 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 61 प्रतिशत ज्यादा है। अतिरिक्त बारिश के लिहाज से यह प्रदेश में सबसे अधिक बारिश वाला जिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित