रायपुर , अप्रैल 24 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सामान्य प्रशासन विभाग के नाम पर फर्जी नियुक्ति आदेश जारी किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे मंत्रालय में हड़कंप मच गया है। इस कथित फर्जी दस्तावेज में विभागीय सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षरों का उपयोग किए जाने की बात सामने आई है, जिससे सरकारी ऑनलाइन प्रणाली की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अनुभाग अधिकारी राजपाल बघेल द्वारा इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में बताया गया है कि राज्य के परिवहन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्कूल शिक्षा विभागों में भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसी दौरान पांच मार्च 2026 की तिथि दर्शाते हुए एक फर्जी नियुक्ति अनुशंसा पत्र प्रसारित किया गया।
इस फर्जी आदेश में सचिव रजत कुमार और उप सचिव शिव कुमार सिंह के डिजिटल हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं। साथ ही, इसमें अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन और विभागीय प्रशिक्षण उपरांत परीक्षा उत्तीर्ण करने की शर्त पर नियुक्ति की अनुशंसा का उल्लेख किया गया है। यह दस्तावेज डाक के माध्यम से कई अभ्यर्थियों तक पहुंचने की भी जानकारी मिली है।
घटना के उजागर होने के बाद मंत्रालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि वर्तमान में अधिकांश प्रशासनिक कार्य और दस्तावेजी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित हो रही है।
पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि इस पूरे प्रकरण में विभाग के किसी अंदरूनी व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित