रायपुर , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में महिला दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश देने पर छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ ने सहमति जताई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को महानदी मंत्रालय भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबले में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे प्रदेश के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस दौरान श्री साय ने महिला दर्शकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके लिए प्रवेश निःशुल्क रखने का सुझाव दिया, जिस पर क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने सहमति व्यक्त की।
श्री साय ने कहा कि प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबले का आयोजन महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाने के साथ ही उभरती खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी साबित होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देख प्रदेश की बेटियों में भी क्रिकेट को भविष्य के रूप में अपनाने का उत्साह बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बेहतर अधोसंरचना, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के प्रमुख आयोजन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबला प्रदेश में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मोहन दास, निदेशक विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, जी.एस. मूर्ति, विनय बजाज सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित