रायपुर , मई 08 -- )छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य के नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों में होने वाले आम तथा उप निर्वाचन का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनावी प्रक्रिया 11 मई 2026 से प्रारंभ होकर 4 जून 2026 को परिणामों की घोषणा के साथ संपन्न होगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार नगर पालिकाओं में अध्यक्ष के पांच पद तथा वार्ड पार्षद के 77 पद सहित कुल 82 रिक्त पदों पर चुनाव कराया जाएगा। वहीं त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 तथा पंच के 1136 पदों सहित कुल 1228 पदों के लिए निर्वाचन होगा।

नामांकन प्रक्रिया 11 मई से 18 मई 2026 तक चलेगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 19 मई को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 21 मई तक नाम वापस ले सकेंगे।

मतदान की प्रक्रिया एक जून 2026 को संपन्न होगी। नगरीय निकायों के लिए मतदान उसी दिन होगा जबकि पंचायत क्षेत्रों में मतदान के साथ ही मतगणना भी की जाएगी। नगरीय निकायों के परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे, वहीं पंचायतों के परिणाम भी इसी दिन सारणीकरण के बाद जारी होंगे।

आयोग के अनुसार नगरीय निकायों में मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम ) के माध्यम से होगा, जबकि पंचायत चुनाव मतपेटियों से कराए जाएंगे। मतदान का समय नगरीय निकायों में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक तथा पंचायतों में सुबह 7 बजे से अपराह्दोन तीन बजे तक निर्धारित किया गया है।

चुनाव में कुल 44,525 मतदाता नगरीय निकायों में तथा 10,37,789 मतदाता पंचायत क्षेत्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए नगरीय निकायों में 115 तथा पंचायत क्षेत्रों में 937 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 18 प्रकार के पहचान पत्र मान्य होंगे। मतदाता इनमें से किसी एक दस्तावेज के आधार पर मतदान कर सकेंगे।

निर्वाचन की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने 5 व्यय प्रेक्षक तथा 33 सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किए हैं। इन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित