रायपुर , मई 20 -- छत्तीसगढ़ में मंगलवार देर रात और बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमतरी और अभनपुर में हुए इन हादसों के बाद संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धमतरी जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र सिहावा चौक के पास कल रात्रि गश्त के दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार पुलिस जवानों को टक्कर मार दी। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में आज सुबह अभनपुर-राजिम मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि बाइक सवार युवक रास्ते में अचानक सामने आए मवेशी से टकरा गए, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर रेत से भरे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित