रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में आंशिक बदलाव करते हुए दो वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यभार में परिवर्तन किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने अलग-अलग आदेश बधुवार को जारी किए।

विभाग के जारी आदेश के मुताबिक वर्ष 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी चंदन कुमार को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य की राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह फिलहाल वित्त विभाग में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत हैं और इसके साथ ही नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

वहीं, राज्य शासन ने एक अन्य आदेश में आईएएस अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल को धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया है। अब वह केवल योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में उप सचिव के पद पर अपने नियमित दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक कार्यों के बेहतर समन्वय और दक्षता बढ़ाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित