रायपुर , अक्टूबर 15 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूली विद्यार्थियों को दीपावली के अवसर पर मिलने वाले अवकाश की अवधि एक दिन बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश के विद्यालयों में अब छह नवंबर से 11 नवंबर तक छह दिनों का अवकाश रहेगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने गुरुवार को इसकी घोषणा की।
श्री गजेंद्र यादव ने बताया कि दीपावली अवकाश की अवधि बढ़ाने के लिए लगातार मांग प्राप्त हो रही थी। इन मांगों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने पूर्व निर्धारित अवकाश में एक अतिरिक्त दिन शामिल करने का फैसला किया है। इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग ने छह नवंबर से 10 नवंबर तक पांच दिनों की छुट्टी निर्धारित की थी।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र के लिए पूर्व में जारी अवकाश कैलेंडर में दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश के लिए कुल 15 दिनों की छुट्टियों का प्रावधान किया गया था। दीपावली अवकाश में एक दिन की वृद्धि के बाद इन तीनों अवसरों पर घोषित छुट्टियों की कुल संख्या बढ़कर 16 दिन हो गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के विद्यालयों में दशहरा अवकाश 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक पांच दिनों का रहेगा। वहीं, संशोधित व्यवस्था के तहत दीपावली की छुट्टियां छह नवंबर से 11 नवंबर तक छह दिनों की होंगी। इसके अतिरिक्त शीतकालीन अवकाश 24 दिसंबर से 28 दिसंबर तक पांच दिनों के लिए निर्धारित है।
राज्य सरकार के इस निर्णय से दीपावली के अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को पूर्व निर्धारित अवधि की तुलना में एक अतिरिक्त दिन का अवकाश मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित