रायपुर , अक्टूबर 22 -- छत्तीसगढ़ में गुलाबी ठंड का असर महसूस होने लगा है। मौसम विभाग से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव हो सकता है। इसके बाद रात के तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। तापमान में संभावित गिरावट से सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ने का अहसास होगा, जबकि दिन में गर्मी का प्रभाव बना रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम साफ रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज रायपुर में मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल बारिश या किसी अन्य मौसमी गतिविधि को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित