रायपुर , मई 21 -- छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा तथा अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। विभाग ने 22 मई से 24 मई के बीच मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 42.2 डिग्री, रायपुर के लालपुर केंद्र में 41.9 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 41.6 डिग्री, पेंड्रारोड में 41.2 डिग्री तथा अंबिकापुर में 41.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं का प्रभाव बना रहा। मौसम विभाग ने बताया कि तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है, लेकिन लगातार पड़ रही गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित