रायपुर , अक्टूबर 10 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों के लिए खरीद मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद यह घोषणा की। नई दर का लाभ पेराई सत्र 2025-26 में गन्ना बेच चुके किसानों को भी मिलेगा। इस सत्र में की गई खरीदी का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारतीय किसान संघ की छत्तीसगढ़ इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान गन्ना उत्पादकों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने का विषय प्रमुखता से उठाया गया। मुख्यमंत्री ने इस पर तत्काल पहल करते हुए प्रदेश के शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले और खेती से होने वाली आय में वृद्धि हो।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार कृषि लागत कम करने, किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और कृषि क्षेत्र की मजबूती से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नीतिगत निर्णय ले रही है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराना और कृषि को सम्मानजनक आजीविका का माध्यम बनाना सरकार का उद्देश्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित