रायपुर , जुलाई 09 -- छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन के दौरान खेती-किसानी ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य में अब तक 20.14 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, तिल तथा अन्य खरीफ फसलों की बुआई हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 41 प्रतिशत है।

कृषि विभाग के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 के लिए राज्य में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मांग के अनुरूप प्रमाणित खाद और बीज की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारी व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

विभाग के मुताबिक राज्य में अब तक किसानों को 7.78 लाख मीट्रिक टन उर्वरक तथा 3.62 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। नौ जुलाई की स्थिति में प्रदेश में औसतन 248.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है।

अधिकारियों ने बताया कि खरीफ 2026 के लिए 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले 4.56 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया, जिनमें से 3.62 लाख क्विंटल बीज किसानों को वितरित किए जा चुके हैं, जो लक्ष्य का 71 प्रतिशत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित