रायपुर , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पड़ने लगी हैं और बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान भी राज्य के ज्यादातर इलाकों में बारिश की संभावना कम है। हालांकि सरगुजा और बस्तर संभाग में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

प्रदेश में फिलहाल किसी बड़े मौसम तंत्र का प्रभाव नहीं है। बारिश की गतिविधियां कम होने और आसमान साफ रहने के कारण दिन में धूप के साथ उमस महसूस हो सकती है। दूसरी ओर रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने से विशेषकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में आज मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। दोपहर के बाद कुछ समय के लिए हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश के आसार कम हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बीते दिन यहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियसदर्ज किया गया था।

प्रदेश के उत्तरी जिलों में रात का तापमान अपेक्षाकृत कम बना हुआ है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस , कोरिया में 19.9 , बलरामपुर में 20.1 , सूरजपुर में 20.9 , जशपुर में 21.9 और सरगुजा में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तापमान में इस गिरावट के कारण इन क्षेत्रों में सुबह और शाम हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है।

अन्य जिलों में बिलासपुर और कोरबा में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में 24.3 तथा बलौदाबाजार में 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बस्तर संभाग में भी रात का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान करीब 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य बने रहने और बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश हो सकती है। इस अवधि में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। साफ आसमान और बारिश में कमी के कारण दिन में गर्मी का असर रह सकता है, जबकि उत्तरी जिलों में रात और सुबह के समय हल्की ठंडक बढ़ सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित