रायपुर , अगस्त 15 -- छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालयों में आयोजित समारोहों में मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। स्कूलों के विद्यार्थियों और विभिन्न टुकड़ियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मार्चपास्ट प्रस्तुत किए।
प्रदेश के दुर्ग जिले में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में 12 टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया और आसमान में तिरंगे रंग के गुब्बारे छोड़े गए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में दुर्ग में इस बार छत्तीसगढ़ पुलिस का पाइप बैंड पहली बार परेड में शामिल हुआ। वर्ष 2023 में स्थापित पुलिस पाइप बैंड ने समारोह में प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री साव ने नक्सल हमलों में शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात की, उनसे बातचीत कर हालचाल जाना और शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के बाद परेड का निरीक्षण किया। समारोह में विभिन्न टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया।
रायगढ़ में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली और राष्ट्रगान हुआ। समारोह में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। परेड में महिला कमांडो टुकड़ी ने भी मार्चपास्ट कर सलामी दी। महिला कमांडो के अनुशासन और जोश ने समारोह में उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कांकेर के नरहरदेव स्कूल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
अंबिकापुर में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी दी। इसके बाद नेताम ने कलेक्टर अजीत वसंत और एसपी राजेश अग्रवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया।
बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का भी वाचन किया गया।
जांजगीर-चांपा में जिला स्तरीय मुख्य समारोह जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण किया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। विभिन्न टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया।
पेंड्रा के गुरुकुल ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के. और एसपी मनोज खेलारी भी मौजूद रहे।
राजनांदगांव नगर निगम में स्वतंत्रता दिवस पर महापौर मधुसूदन यादव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए एकता, अखंडता और विकास में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान परेड, मार्चपास्ट, राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासकीय संस्थानों, स्थानीय निकायों और सार्वजनिक स्थलों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित