रायपुर , जून 11 -- कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय समिति की 27वीं बैठक गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें मृत्यु दावा प्रकरणों के त्वरित निपटारे तथा निष्क्रिय भविष्य निधि खातों के लाभार्थियों को भुगतान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में सचिव ने निर्देश दिया कि उद्योगों में होने वाले आकस्मिक मृत्यु प्रकरणों में ईएसआईसी के साथ समन्वय स्थापित कर मामलों का सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने निष्क्रिय भविष्य निधि खातों के लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 33 जिलों में प्रत्येक माह की 27 तारीख को आयोजित होने वाले 'निधि आपके निकट' कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, ईएसआईसी, सहायक श्रम आयुक्त, उप श्रम आयुक्त तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

बैठक का संचालन सदस्य सचिव एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जयवदन इंगले ने किया। उन्होंने संगठन की व्याप्ति, न्यायालयीन प्रकरणों, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, कर्मचारी पंजीकरण योजना-2025, प्रयास, तत्पर, कन्वर्जेंस बैठक तथा नवीन साइट्स प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने समिति के सदस्यों से नियोक्ताओं एवं पीएफ सदस्यों को 'निधि आपके निकट' कार्यक्रम में भाग लेने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करने की अपील की।

बैठक में छत्तीसगढ़ में ईपीएफ अधिनियम के अनुपालन, सामाजिक सुरक्षा लाभों के विस्तार तथा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की उपलब्धियों और चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में उप केंद्रीय श्रमायुक्त बिधान चंद्र नायक, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के उप निदेशक एन.के. पटनायक और रत्नेश राजन्या उपस्थित रहे। नियोक्ता पक्ष से छत्तीसगढ़ उद्योग महासंघ के अध्यक्ष महेश कक्कड़ तथा उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विन गर्ग शामिल हुए।

कर्मचारी प्रतिनिधियों के रूप में राधेश्याम जायसवाल, ईश्वर चंदेल, शंख ध्वनि सिंह और एच.एस. मिश्रा ने भाग लिया। ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर की ओर से क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त इंगले, गौरव डोगरा, देबाशीष चांद तथा सहायक भविष्य निधि आयुक्त आकाश अग्रवाल उपस्थित थे। बैठक में पावर पॉइंट प्रस्तुति गौरव डोगरा ने दी।

उल्लेखनीय है कि कर्मचारी भविष्य निधि क्षेत्रीय समिति प्रत्येक राज्य में सांविधिक प्रावधानों के तहत गठित एक महत्वपूर्ण परामर्शदात्री समिति है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित