रायपुर , मई 16 -- छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में डायल-112 सेवा के तहत 400 से अधिक नई वाहन इकाइयों को जल्द ही आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा।
इन वाहनों को 18 मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके साथ ही ये आधुनिक वाहन प्रदेशभर में अपनी सेवाएं देना शुरू कर देंगे।
नए डायल-112 वाहनों को उन्नत तकनीकी सुविधाओं और हाई सिक्योरिटी फीचर्स से लैस किया गया है। प्रत्येक वाहन में सीसीटीवी कैमरे सहित आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे पुलिस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम की क्षमता और अधिक मजबूत होगी।
इस कार्यक्रम से पहले वाहनों में ईंधन भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में डायल-112 वाहन पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए कतार में देखे गए, जिससे पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से भीड़ की स्थिति बन गई।
प्रदेश सरकार का उद्देश्य इस विस्तार के माध्यम से आपातकालीन सहायता सेवाओं को अधिक प्रभावी, तेज और तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित