रायपुर , जून 22 -- छत्तीसगढ़ में अवैध रेत खनन और भंडारण के विरुद्ध राज्य सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा प्रदेशभर में अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

विभाग से आज मिलीव आधिकारिक जानकारी के अनुसार केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर 21 जून की रात एमसीबी जिले के केल्हारी तहसील अंतर्गत दंडाहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा तथा हसदेव नदी क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्वीकृत दो अस्थायी रेत भंडारण स्थलों की जांच की गई। मौके पर उपलब्ध रेत की मात्रा का आकलन हाईटेक ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से किया गया। जांच में भंडारण अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर संबंधित भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि प्रदेश में अवैध खनन गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ खनिज संपदा का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित