रायपुर , जून 22 -- छत्तीसगढ़ में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग की केंद्रीय उड़नदस्ता टीम ने बलौदाबाजार और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह क्रशर इकाइयों को सीलबंद कर दिया तथा अवैध रेत उत्खनन में प्रयुक्त एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर खनिज संसाधनों के संरक्षण तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देशानुसार केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 21 और 22 जून को विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

जिला बलौदाबाजार के ग्राम खपरीडीह में गौण खनिज निम्न श्रेणी चूनापत्थर से संबंधित स्वीकृत अस्थायी भंडारण स्थलों एवं खदानों के निरीक्षण के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर छह क्रशर इकाइयों को सीलबंद किया गया। संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी प्रकार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम दहिदा स्थित महानदी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन से अवैध रेत उत्खनन किया जाना पाया गया। खनिज अधिनियम के तहत मशीन को जब्त कर आगामी आदेश तक सीलबंद कर दिया गया। मशीन को ऑपरेटर की सुपुर्दगी में रखा गया है तथा स्वामी को नोटिस जारी किया गया है।

विभाग के अनुसार सभी स्थलों की जांच एवं सत्यापन ड्रोन सर्वेक्षण तकनीक के माध्यम से भी किया गया, जिससे खनन गतिविधियों का सटीक आकलन सुनिश्चित किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित