रायपुर , जुलाई 25 -- छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है और पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों में भी प्रदेश के अनेक जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। विशेष रूप से मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रायपुर और दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

राज्य में एक जून से अब तक हुई कुल बारिश मौसम विभाग की सामान्य श्रेणी में बनी हुई है। विभाग के अनुसार इस अवधि में औसत बारिश की तुलना में 18 प्रतिशत कम दर्ज किया गया है, जिसे मौसम विज्ञान के मानकों के अनुसार सामान्य माना जाता है।

पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 30 मिमी वर्षा धरमजयगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा लैलूंगा, कोरबा, कापू और खरसिया में 20-20 मिमी वर्षा हुई। वहीं बीजापुर, नया बाराद्वार, करतला, साल्हेवारा, लाल बहादुर नगर, कांसाबेल, पथलगांव और मानपुर में 10-10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका वर्तमान में जैसलमेर, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के निम्न दबाव क्षेत्र, कोटा, गुना, सीधी और डाल्टनगंज से होकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। इसके साथ ही उत्तरी गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे के भीतर इसी क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने का अनुमान है, जिसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित