रायपुर , अगस्त 27 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के बीच गुरुवार को कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटे मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने का अनुमान है।
इस बीच बलरामपुर जिले के तेतरडीह में मंगलवार दोपहर कृषि विभाग का बांध टूटने से आसपास के खेतों में पानी भर गया। इससे खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वर्तमान में दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में बना लो प्रेशर एरिया प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से बारिश की गतिविधियों में तेजी बनी हुई है और अगले 24 घंटे मानसून सक्रिय रह सकता है।
राज्य में दुर्ग जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित