रायपुर , अगस्त 26 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई। प्रदेश में सर्वाधिक 170 मिमी बारिश बड़े बचेली में रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और आसपास के क्षेत्र में बना लो प्रेशर एरिया अभी सक्रिय है। इससे संबंधित चक्रवाती प्रभाव के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। मौसम प्रणाली के अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ने का अनुमान है।
इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इसके बाद प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। अगले दो दिन भी ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
इस बीच प्रदेश में मौजूदा मानसून सीजन की संचयी बारिश सामान्य स्तर के करीब बनी हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक सामान्य से दो प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित