रायपुर , सितंबर 15 -- छत्तीसगढ़ में सक्रिय विभिन्न मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से अगले दो दिनों तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में सर्वाधिक अधिकतम तापमान माना में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 20 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग से मंगलवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ, कम दबाव के क्षेत्र से जुड़ी ट्रफ तथा बंगाल की खाड़ी के पास बना चक्रवाती घेरा सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।

राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

प्रदेश में मानसून को पहुंचे 82 दिन हो चुके हैं। मानसून ने 23 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया था। 12 सितंबर तक प्रदेश में 1001 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो इस अवधि की औसत वर्षा 1041.1 मिमी से केवल चार प्रतिशत कम है।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के जलाशयों में भी जलभराव की स्थिति बेहतर हुई है। प्रदेश के 46 प्रमुख और मध्यम जलाशयों में औसत जलभराव 91.10 प्रतिशत पहुंच गया है। इनमें सात जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि 18 अन्य जलाशयों में 90 प्रतिशत से अधिक पानी है। धमतरी के रविशंकर सागर ( गंगरेल ) समेत कई जलाशयों में बढ़े जलस्तर के कारण गेट भी खोलने पड़े हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित