कोंडागांव , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में अंबेडकर जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत बम्हनी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खिलावन राम रीगरी के मार्गदर्शन तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गायत्री साय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
जिला पीआरओ ने मंगलवार को बताया कि कार्यक्रम में प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट, अधिकार मित्र पारेश्वर देवांगन, रंजन बैध, संदीप कुमार, गुलशन कुमार नेताम एवं तिरथ कुमार मानिकपुरी ने उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न कानूनों, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा न्याय प्राप्ति की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे किसी भी प्रकार के अन्याय या शोषण की स्थिति में कानूनी सहायता प्राप्त कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित