रायपुर , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ सरकार 'दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना' के तहत प्रदेश के करीब 5 लाख भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को बड़ी आर्थिक सहायता देने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 मार्च 2026 को बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित करेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस वर्ष 4 लाख 95 हजार 965 लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति 10 हजार रुपये की दर से कुल 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये की राशि सीधे खातों में भेजी जाएगी। इस योजना के दायरे में 22 हजार 28 बैगा और गुनिया परिवार भी शामिल हैं।

राज्य सरकार ने वर्ष 2025 में भी इस योजना के तहत 5 लाख 62 हजार 112 हितग्राहियों को 10 हजार रुपये प्रति हितग्राही के मान से 562 करोड़ 11 लाख 20 हजार रुपये वितरित किए थे। लगातार बढ़ते दायरे और राशि से यह स्पष्ट है कि सरकार भूमिहीन परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित