रायपुर , जून 21 -- ) छत्तीसगढ़ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को विभिन्न जिलों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें राज्यपाल रमेन डेका, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और हजारों नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
राज्यपाल रमेन डेका इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय योग शिविर में शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का वाचन करते हुए प्रदेशवासियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन स्थापित कर व्यक्ति के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
वहीं, लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, राज्यपाल सचिवालय के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षकों ने योग नमस्कार सहित विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
बलरामपुर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के हाई स्कूल मैदान में आयोजित किया गया, जहां प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने योगाभ्यास में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्वभर में योग को स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया जा रहा है। उन्होंने योग को शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान बताते हुए नागरिकों से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। मंत्री ने स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर के विद्यार्थियों से संवाद किया तथा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत निर्माण का संकल्प दिलाया।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय योग शिविर में राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में लगभग एक हजार लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। मंत्री ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ राष्ट्र संबंधी संदेश का वाचन किया और नियमित योग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर योग जागरूकता हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित