रायपुर , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित फेक और एआई आधारित आपत्तिजनक वीडियो के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इसे गंभीर और संवेदनशील मामला बताते हुए पुलिस और साइबर सेल को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयोग का कहना है कि ऐसे वीडियो न केवल किसी सार्वजनिक व्यक्ति की छवि को प्रभावित करते हैं, बल्कि इससे महिला समाज की गरिमा पर भी चोट पहुँचती है।
आयोग ने दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक को तुरंत एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं और साइबर सेल को वीडियो की तकनीकी जांच कर इसके स्रोत और इसे फैलाने वालों की पहचान करने को कहा है। आयोग ने सभी संबंधित पक्षों को सात दिनों के भीतर पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अल्टीमेटम भी दिया है।
आयोग ने स्पष्ट किया कि डिजिटल तकनीक का दुरुपयोग कर किसी की छवि धूमिल करना और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि यह भविष्य के लिए मिसाल बने।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित