रायपुर , अप्रैल 29 -- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजीबीएसई) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा के परिणाम बुधवार को जारी किये गये। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मौजूदगी में परिणाम घोषित किए।

इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में कुल 5.66 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 12वीं के 2,45,785 परीक्षार्थी थे। बारहवीं की बोर्ड की परीक्षा में बलौदाबाजार जिले के सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

दूसरे स्थान पर बेमेतरा जिले की आत्मानंद स्कूल की छात्रा ओमनी वर्मा रहीं, जबकि तीसरा स्थान रायगढ़ निवासी कृष महंत ने प्राप्त किया।

हाईस्कूल परीक्षा में महासमुंद जिले की दो छात्राओं-संध्या नायक (एकलव्य इंग्लिश स्कूल, अर्जुंदा) और परीरानी प्रधान (एकलव्य इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी, बलौदा)-ने 594/600 अंक (99 प्रतिशत) प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर मुंगेली के न्यू जेनरेशन पब्लिक स्कूल, हीरोलर्मी के अंशुल शर्मा रहे, जिन्होंने भी 594 अंक (99 प्रतिशत) अर्जित किए।

हाईस्कूल परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक आयोजित हुई, जिसमें 3,20,535 छात्र शामिल हुए। वहीं 12वीं की बोर्ड की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें 2,45,785 परीक्षार्थी शामिल हुए। 12वीं परीक्षा में 1,02,975 बालक और 1,42,810 बालिकाएं शामिल रहीं। परीक्षा के लिए 2,395 केंद्र बनाए गए थे, जबकि 10वीं के लिए 2,510 केंद्र निर्धारित किए गए थे।

उल्लेखनीय है कि 12वीं हिंदी पेपर लीक होने के चलते 10 अप्रैल को पुनः परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिसके कारण परिणाम घोषित करने में विलंब हुआ।

छात्र अपने परिणाम मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर दर्ज कर देख सकते हैं। इसके अलावा छात्र एसएमएस के माध्यम से भी परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। 10वीं के लिए सीजी10 लिखकर अपना रोल नंबर 56263 पर भेजना होगा।

बोर्ड द्वारा जारी परिणामों के साथ ही टॉपर्स की सूची भी सार्वजनिक की गई है, जिससे प्रदेशभर में विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित