राजनांदगांव , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में बाल आयोग के सदस्य कुल प्रकाश वालदे के सूने मकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 से 80 लाख रुपए है, जबकि पुलिस ने उपलब्ध बिल के आधार पर कुल 4 लाख रुपए की चोरी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के कौरिनभाटा की है। शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 से 2:45 बजे के बीच वालदे का मकान सिर्फ 30 से 40 मिनट के लिए खाली था। इसी दौरान अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए।

चोरों ने पहले हॉल में रखी अलमारी और उसका लॉकर तोड़ा। वहां ज्यादा सामान नहीं मिलने पर बेडरूम का ताला तोड़कर अंदर पहुंचे और अलमारी के डबल लॉकर को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के गहने तथा नकदी लेकर फरार हो गए।

कुल प्रकाश वालदे ने बताया कि रक्षाबंधन पर उनकी बड़ी बहन घर आई थीं। उनके गहने और अन्य सामान भी उसी अलमारी में रखे थे। बहन को बस्तर जाना था, लेकिन तीज पर्व के कारण सामान वहीं छोड़ दिया था। चोर वह सामान भी ले गए।

पीड़ित के मुताबिक घर से करीब एक से 1.5 लाख रुपए कैश और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। उन्होंने शुक्रवार को ही बसंतपुर थाने में घटना की सूचना दी थी। पुलिस ने शनिवार को मामले में रिपोर्ट दर्ज की।

बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेंद्र देवांगन ने बताया कि बिल दिखाने के बाद 2.5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 1.5 लाख रुपए कैश की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कुल 4 लाख रुपए की चोरी दर्ज हुई है।

पुलिस वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित