रायपुर , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ सरकार पर किसानों के साथ बड़े पैमाने पर वित्तीय अन्याय करने का गंभीर आरोप लगाया है। श्री बैज ने कहा कि प्रदेश की साय सरकार ने धान खरीदी के मामले में किसानों को उनका वाजिब भुगतान नहीं किया है और जानबूझकर आधा-अधूरा अंतर राशि उनके खाते में डाली गई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने शनिवार पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही अंतर राशि समर्थन मूल्य और घोषित मूल्य के बीच की है, लेकिन सरकार ने इसमें भी किसानों को पूरा हिस्सा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में धान के समर्थन मूल्य में कुल 206 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है। ऐसे में सरकार को अंतर राशि की गणना 3286 रुपये प्रति क्विंटल के आधार पर करनी चाहिए, लेकिन सरकार 3100 रुपये के हिसाब से भुगतान कर रही है, जो किसानों के साथ सीधा धोखा है।

श्री दीपक बैज ने गणना के आधार पर बताया कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी के हिसाब से किसानों को 3906 रुपये प्रति एकड़ कम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। इस लिहाज से देखा जाए तो सरकार ने किसानों का कुल 2622 करोड़ रुपये रोक लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित