रायपुर , अक्टूबर 05 -- छत्तीसगढ़ को सिंगापुर में आयोजित पहले सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (सिंग) फोरम-2026 में 43,250 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इनमें सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा राज्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुकूल डेटा सेंटर परिसर की स्थापना के लिए 41,750 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता शामिल है।

सोमवार को प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर फोरम में शामिल हुआ। एनर्जी कैपिटल ग्लोबल राज्य में 100 मेगावाट क्षमता का कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुकूल डेटा सेंटर परिसर स्थापित करेगी। कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा आधारित डेटा सेंटरों के विकास और वित्तपोषण से जुड़ी है। इसकी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में मौजूदगी है। मुख्यमंत्री ने फोरम में कंपनी को निवेश का आमंत्रण सौंपा।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े बुनियादी ढांचे के लिए आवश्यक ऊर्जा, भूमि और नीतिगत सहयोग छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कंपनी मध्य भारत में बड़ा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डेटा सेंटर परिसर विकसित करने के साथ अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने तथा इसके संचालन के लिए राज्य के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

इसके अलावा राज्य को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से सौर ऊर्जा, बैटरी भंडारण और संबंधित उपकरणों के क्षेत्र में 1,500 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रस्ताव मिला है।

श्री साय ने कहा कि निवेश की ये प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और मानव संसाधन के प्रति निवेशकों के विश्वास को दर्शाती हैं। इससे राज्य में युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी क्षेत्र में नए अवसर पैदा होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित संवाद में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग जगत से सीधे संवाद कर उसकी समस्याओं के अनुरूप व्यवस्थाओं में बदलाव कर रही है। अब तक 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य को पिछले 18 महीनों में आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

फोरम में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। मास्टरकार्ड, आईएचसीएल (ताज होटल्स) और नेस्ले सहित विभिन्न वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

फोरम से अलग मुख्यमंत्री ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़े बुनियादी ढांचे और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री छह अक्टूबर को मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की गोलमेज बैठक में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित