रायपुर , सितंबर 04 -- केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशल विकास के जरिए राज्य में इस क्षेत्र की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार, निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक में राज्य को मध्य भारत के प्रमुख टेक्सटाइल एवं अपैरल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
श्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल को थ्रस्ट सेक्टर का दर्जा दिया गया है और निवेशकों के लिए विभिन्न प्रोत्साहन एवं अनुदान का प्रावधान किया गया है। एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार देने वाली औद्योगिक इकाइयों के लिए विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल और अपैरल उद्योग श्रम आधारित होने के कारण बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की क्षमता रखता है। नवा रायपुर अटल नगर में नई टेक्सटाइल इकाइयों की स्थापना को गति दी जा रही है। राज्य सरकार यहां डिजाइन, उत्पादन, कौशल विकास, आधुनिक तकनीक और बाजार सुविधाओं को जोड़ते हुए समग्र टेक्सटाइल इको-सिस्टम विकसित करना चाहती है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के कोसा सिल्क, विशेषकर चांपा और आसपास के क्षेत्रों की पारंपरिक कोसा कला का उल्लेख करते हुए इसे आधुनिक डिजाइन, तकनीक, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि राज्य में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) की स्थापना से युवाओं को फैशन डिजाइन और टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षण के अवसर मिलने के साथ बुनकरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को भी तकनीकी एवं डिजाइन नवाचार का लाभ मिलेगा।
गिरिराज सिंह ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में उपलब्ध संसाधन, निवेश-अनुकूल नीति और रोजगार आधारित प्रोत्साहन टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल इकाइयों के विस्तार से राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हो सकता है और छत्तीसगढ़ मध्य भारत के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में उभर सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर देते हुए केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित