रायपुर , अगस्त 11 -- छत्तीसगढ़ को गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस के 10वें स्थापना दिवस समारोह में 'जेम सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड' से सम्मानित किया गया है। राज्य शासन से आज मिली जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में राज्य को यह सम्मान प्रदान किया गया।

जेम की ओर से राज्य सरकारों के लिए निर्धारित 'प्रीमियर अवार्ड्स-स्टेट गवर्नमेंट फेलिसिटेशन' श्रेणी में छत्तीसगढ़ को जेम के प्रभावी उपयोग और इसके माध्यम से शासकीय खरीदी में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए यह पुरस्कार दिया गया।

राज्य में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जेम के माध्यम से शासकीय खरीदी बढ़कर 3,935 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 113 प्रतिशत अधिक है।

जेम की पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया के कारण वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य शासन को करीब 130 करोड़ रुपये की बचत हुई। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में प्रतिस्पर्धी खरीदी के माध्यम से कुल 235 करोड़ रुपये की बचत होने का दावा किया गया है।

जेम के उपयोग से सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों की भागीदारी भी बढ़ी है। वर्ष 2025-26 में MSEs से खरीदी 61 प्रतिशत बढ़कर 1,800 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो निर्धारित 25 प्रतिशत खरीद लक्ष्य से अधिक है।

इसी अवधि में महिला उद्यमियों से खरीदी में 97 प्रतिशत, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों से खरीदी में 108 प्रतिशत और स्टार्टअप से खरीदी में 178 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि GeM ने छत्तीसगढ़ के उद्यमियों को बिना मध्यस्थ के सीधे शासकीय मांग और बाजार से जोड़ने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी डिजिटल मार्केटप्लेस से महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों और स्टार्टअप को समान अवसर मिल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित