रायपुर , जून 17 -- छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईपीएस) अधिकारी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में महानिरीक्षक (आईजी) के पद पर प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में मंगलवार रात आदेश जारी करते हुए राज्य सरकार से उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है।

गृह मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज को एनआईए में रिक्त पद के विरुद्ध महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति केंद्र सरकार की सामान्य प्रतिनियुक्ति शर्तों एवं नियमों के तहत की गई है।

मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को भेजे पत्र में कहा है कि श्री सुंदरराज को शीघ्र कार्यमुक्त किया जाए ताकि वह केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।

श्री सुंदरराज छत्तीसगढ़ में विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए जाने जाते हैं। उनके कार्यकाल में सुरक्षा बलों ने माओवादी नेटवर्क के खिलाफ कई महत्वपूर्ण अभियान संचालित किए। खुफिया तंत्र को मजबूत करने, दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों तक सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाने तथा आत्मसमर्पण नीति को प्रभावी बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित