रायपुर , अगस्त 27 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को जशपुर जिले के बगिया स्थित कैम्प कार्यालय से 'साइंस ऑन व्हील्स' वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह चलती-फिरती विज्ञानशाला स्कूलों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रयोगों, वैज्ञानिक मॉडलों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की व्यावहारिक जानकारी देगी।

श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों में अपने आसपास की दुनिया को जानने और समझने की स्वाभाविक जिज्ञासा होती है। इस जिज्ञासा को वैज्ञानिक सोच, प्रयोग और नवाचार से जोड़ना जरूरी है। 'साइंस ऑन व्हील्स' विद्यार्थियों को किताबों में पढ़े विज्ञान को प्रयोगों के माध्यम से समझने का अवसर देगी। इससे उनमें सवाल पूछने, प्रयोग करने और समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान तलाशने की प्रवृत्ति विकसित होगी।

उन्होंने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी आज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के दौरान ही इनके व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराने से उन्हें भविष्य की नई तकनीकों और नवाचारों के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। यह पहल बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें विज्ञान, अनुसंधान तथा नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

'साइंस ऑन व्हील्स' के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स, सतत विकास और जल निस्पंदन से संबंधित चार प्रमुख मॉड्यूल से जोड़ा जाएगा। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के जरिए ब्रह्मांड और अंतरिक्ष विज्ञान, जबकि रोबोटिक्स के माध्यम से नई तकनीकों और भविष्य के तकनीकी कौशल की जानकारी दी जाएगी। सतत विकास मॉड्यूल में पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल निस्पंदन मॉड्यूल में स्वच्छ जल, जल संरक्षण और इससे जुड़े वैज्ञानिक समाधानों को प्रयोगों के जरिए समझाया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल एक बार वैज्ञानिक प्रयोग दिखाना नहीं, बल्कि उनमें विज्ञान, तकनीक और नवाचार के प्रति स्थायी रुचि विकसित करना है। इसके तहत समस्या-समाधान, तार्किक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों तक सीमित पहुंच वाले क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इससे विशेष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की पहल के अंतर्गत संचालित 'साइंस ऑन व्हील्स' राष्ट्रीय स्तर की परियोजना है। इसे छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में प्लक्ष विश्वविद्यालय, IDYM फाउंडेशन और IIT मंडी के सहयोग से लागू किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित