लुण्ड्रा/सरगुजा , मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बकनाकला में आकाशीय बिजली गिरने से एक स्कूली छात्रा की मौत हो गई है।
पुलिस ने आज सुबह पंचनामा की कार्रवाई करके शव को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। दुर्घटना के वक्त छात्रा ने बारिश से बचने के लिए पेड़ का सहारा लिया था।
थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि बकनाकला निवासी 13 वर्षीय छात्रा सन्मतिया पुत्री मटन राम 27 मार्च की शाम गांव के खेत के पास भैंसा चरा रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम में बदलाव हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने देर रात पुलिस को प्राकृतिक दुर्घटना की सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम गांव पहुंची तथा मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण आकाशीय बिजली की चपेट में आना पाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित