रायपुर , जुलाई 21 -- छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, सेवाओं के पूर्ण डिजिटलीकरण तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के क्षमता विकास पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के लिए उनकी सेवानिवृत्ति से दो वर्ष पूर्व ही आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी जानी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की अद्यतन सूची तैयार रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभागीय सचिवों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सतत समीक्षा करने को कहा। बैठक में ई-ऑफिस, आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली, लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सुघ्घर छत्तीसगढ़, नियद नेल्लानार योजना, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं तथा पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित