सरगुजा/बेमेतरा , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ के विभिन्न नगरीय निकायों में बुधवार को मनोनीत एल्डरमैन (नामांकित पार्षद) के शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। जहां सरगुजा जिले के लखनपुर नगर पंचायत में शपथ ग्रहण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, वहीं बेमेतरा नगर पालिका परिषद में फ्लेक्स पर भाजपा जिला अध्यक्ष की तस्वीर नहीं होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया और एक मनोनीत एल्डरमैन ने शपथ लेने से इनकार कर दिया।
सरगुजा जिले के लखनपुर नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामराज सिंह ने नवनियुक्त नामांकित पार्षद दिनेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता और मालती कश्यप को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद बाघोलन राम के असामयिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर की गई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र भी वितरित किए गए। समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पार्षद तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि लखनपुर नगर पंचायत में एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने असंतोष जताया था। हालांकि इन राजनीतिक चर्चाओं के बीच बुधवार को सभी नवनियुक्त नामांकित पार्षदों का शपथ ग्रहण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया गया।
इधर, बेमेतरा नगर पालिका परिषद में आयोजित मनोनीत एल्डरमैन के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राजनीतिक विवाद सामने आया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए फ्लेक्स और शिलालेख में भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू की तस्वीर नहीं होने पर भाजपा के मनोनीत एल्डरमैन नंदू राठी ने आपत्ति जताई।
विरोध स्वरूप राठी ने शपथ ग्रहण करने से इनकार कर दिया तथा कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए समारोह स्थल से चले गए। इस दौरान कुछ समय तक राजनीतिक हलचल का माहौल बना रहा। हालांकि अन्य मनोनीत एल्डरमैन ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शपथ ग्रहण किया।
घटना के बाद नगर पालिका प्रशासन अथवा भाजपा संगठन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित