रायपुर , जून 25 -- छत्तीसगढ़ सरकार के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में मरम्मत एवं संधारण कार्यों के लिए 22 करोड़ छह लाख रुपये की आपात निधि जारी की है।

विभाग ने गुरुवार को यह जानकारी दी। विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव के निर्देश पर संचालनालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही (अप्रैल से जून) के लिए यह राशि सभी नगरीय निकायों को हस्तांतरित कर दी है।

जारी राशि में राज्य के 14 नगर निगमों के लिए 13 करोड़ 76 लाख रुपये, 56 नगर पालिकाओं के लिए पांच करोड़ 18 लाख रुपये तथा 124 नगर पंचायतों के लिए तीन करोड़ 66 लाख रुपये शामिल हैं।

विभाग का कहना है कि इस आपात निधि का उपयोग नगरीय निकायों में आवश्यक मरम्मत एवं संधारण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित